Sat, Nov 7, 2026Updated 05:33 AM GMT+0530

औरंगाबाद में सरस्वती पूजा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया स्थल निरीक्षण

Published: January 24, 2026, 3:06 pm
शेयर Facebook X Telegram

औरंगाबाद। सरस्वती पूजा 2026 के अवसर पर मूर्ति विसर्जन को श्रद्धा, अनुशासन और पूर्ण सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से औरंगाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 24 जनवरी 2026 को अदरी नदी स्थित सूर्य मंदिर परिसर में निर्धारित विसर्जन स्थल का जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक श्री अम्बरीष राहुल (भा.पु.से.) ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, मार्ग संकेतक तथा आपातकालीन व आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। संबंधित विभागों को समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

DM and SP Aurangabad Inspected Saraswati Puja Visarjan Site Aurangabad Bihar
सरस्वती पूजा विसर्जन स्थल का निरीक्षण करते हुए DM Aurangabad

जिला पदाधिकारी ने विसर्जन के दौरान पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस बल एवं महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही गोताखोरों, मेडिकल टीम, एंबुलेंस एवं अन्य आपदा प्रबंधन संसाधनों की तैनाती पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वहीं पुलिस अधीक्षक ने विसर्जन जुलूस मार्गों पर सुदृढ़ पुलिस व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी निगरानी एवं आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन सर्विलांस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने की बात कही गई।

निरीक्षण के उपरांत जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की कि सभी श्रद्धालु केवल निर्धारित विसर्जन स्थलों का ही उपयोग करें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें। प्रशासन ने सभी नागरिकों से पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

औरंगाबाद जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ सरस्वती पूजा विसर्जन को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।